संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला से हर रोज 200 टन कचरा निकलता है। निस्तारण के लिए नगर निगम की ओर से इसे अंबाला के पटवी गांव में भेजा जा रहा है। लेकिन दूसरी ओर हिमाचल के कचरे को पंचकूला में डाला जा रहा है। वीरवार को सेक्टर-32 के गांव चौकी में हिमाचल के तीन वाहनों को नगर निगम ने पकड़ा है, जो कचरा डालने के लिए वहां पहुंचे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
मुख्य सफाई निरीक्षक अविनाश सिंगला ने बताया कि सेक्टर-32 गांव चौकी में हिमाचल के बद्दी से दो ट्रक और एक जेसीबी आई थी। जेसीबी की सहायता से गांव चौकी में ट्रकों का कूड़ा गिराया जा रहा था। जब गांव के लोगों ने यह सब देखा तो इसकी सूचना उन्होंने तुरंत निगम के सुपरवाइजर विनोद को दी। सूचना मिलते ही मुख्य सफाई निरीक्षक टीम के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी निगम आयुक्त सचिन गुप्ता को दी। अविनाश सिंगला ने बताया कि जैसे ही वाहन चालकों ने मामला बढ़ता देखा तो वो वहां से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने दोनों ट्रक और जेसीबी जब्त कर लिए हैं।
वहीं निगम आयुक्त आईएएस सचिन गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार से अन्य राज्यों का कूड़ा पंचकूला में फेंकना गलत है। उन्होंने बताया कि पंचकूला के रामगढ़ में भी इस प्रकार से कूड़ा फेंकने की सूचनाएं मिलती हैं। आयुक्त ने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।