चंडीगढ़। कोर्ट परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने अब आम लोगों को केवल गेट नंबर 3 से प्रवेश देने का निर्णय लिया है। गेट नंबर 1, 2, 4, 5 से आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। गेट नंबर 3 से पास बनवाकर और आईडी कार्ड के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। हाईकोर्ट की इमारत पर अतिरिक्त बोझ को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सर्वे ऑफ इंडिया को आदेश दिया है कि सुखना के कैचमेंट एरिया का फिजिकल सर्वे कर रिपोर्ट सौंपी जाए। कोर्ट को यह बताया जाए कि क्या हाईकोर्ट का कोई हिस्सा कैचमेंट में आता है या नहीं। इस दौरान हाईकोर्ट की सुरक्षा का मुद्दा उठा तो बताया गया कि सभी गेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। कोर्ट ने कहा कि परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह जरूरी है कि याचिकाकर्ताओं के लिए केवल एक गेट से प्रवेश की अनुमति दी जाए। ऐसे में कोर्ट ने गेट नंबर 3 को आमजन के लिए तय किया है। यह व्यवस्था 29 अगस्त से लागू करने का हाईकोर्ट ने आदेश दिया है। वकीलों के हाईकोर्ट में प्रवेश को लेकर मामला सुरक्षा कमेटी के समक्ष विचाराधीन है। वहां से सुझाव आने के बाद उस पर निर्णय लिया जाएगा।
17000 स्क्वाॅयर फीट जगह का प्रस्ताव
यूटी प्रशासन ने हाईकोर्ट को बताया कि सेक्टर-17 बस स्टैंड पर 27000 स्क्वाॅयर फीट जगह अस्थायी रूप से उपलब्ध करवाई जा सकती है। इस पर हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि को इस स्थान का दौरा करने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई पर हाईकोर्ट में यह रिपोर्ट सौंपनी होगी कि कैसे इस स्थान का प्रयाेग हाईकोर्ट का बोझ कम करने के लिए किया जा सकता है।