इस बार के रोज फेस्टिवल में लोगों के लिए नगर निगम चंडीगढ़ दो नहीं तीन हेलिकॉप्टर मंगवा रहा है। फिलहाल इसके लिए निगम ने कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। 17 फरवरी को हेलिकॉप्टर के टेंडर पर अंतिम मुहर लगेगी। हालांकि इसके लिए निगम को स्थान की समस्या होगी क्योंकि परेड ग्राउंड में पेड़ों के कारण हेलिपेड बनाने में समस्या होगी।
एडिशनल कमिश्नर अनिल गर्ग ने बताया कि लोग हर बार रोज फेस्टिवल में हेलिकॉप्टर के लिए अच्छी खासी रुचि दिखाते हैं। प्रतिदिन 400 से ज्यादा लोग इसका आनंद उठाते हैं, लेकिन दो हेलिकॉप्टर के बावजूद लोग घूमने से रह जाते थे। इसलिए इस बार तीन हेलिकॉप्टर के लिए आवेदन मांगा है। एक बार में चार से पांच लोग हेलिकॉप्टर का आनंद उठा सकते हैं।
सुबह आठ बजे से सूर्यास्त तक लगातार ट्रिप का दौर चलता है। पांच मिनट के ट्रिप में रोज गार्डन, सुखना लेक व अन्य आसपास के स्थानों का लोग लुत्फ उठा सकते हैं। पहली बार लोग वेंडर मुक्त प्लाजा का लुत्फ उठा सकेंगे। दिन में लगभग 40 चक्कर हेलिकॉप्टर लगाता है। 48वें रोज फेस्टिवल में निगम 66.62 लाख रुपये खर्च करेगा।