कालका। पुलिस ने भैंस चोरी गिरोह के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से वारदात में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। आरोपी की पहचान सहारनपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अनस के रूप में हुई है। इस मामले में पहले ही दो आरोपी हमीद उर्फ टल्ली और बुरहान गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने हमीद से चोरी हुई एक भैंस भी बरामद की थी। शिकायतकर्ता ने 06 अप्रैल की रात अपनी दो भैंसें बाड़े से गायब होने की सूचना दी थी। एसीपी सुरेंद्र सिंह के अनुसार, शिकायत के बाद थाना कालका में मामला दर्ज किया गया था। डीसीपी क्राइम और ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। संवाद