सुल्तानपुर गांव में चोरी की घटना के बाद जांच करती सीन ऑफ क्राइम की टीम।
- फोटो : PKL OFFICE
बरवाला। खंड बरवाला के गांव सुल्तानपुर में दो घरों और एक मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात को सुल्तानपुर वासी जगपाल पुत्र सुरेंद्र और खेम सिंह पुत्र प्रदीप के घर से हजारों की नकदी और जेवर चोरी हो गए। इसके अलावा गांव के शनि मंदिर के गुल्लक का ताला तोड़कर नकदी चोरी हुई है। पुलिस को दी शिकायत में जगपाल और खेम सिंह ने बताया कि वे रात को अपने घरों में सोए थे। सुबह उठकर देखा तो उनके घरों के स्टोर में रखे पेटी, अलमारी और ट्रंक आदि के ताले टूटे थे। उनके घर से हजारों रुपयों की नकदी, सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। गांव के शनिदेव मंदिर के गुल्लक का भी ताला तोड़कर नकदी चुराई गई थी। इस घटना की सूचना उन्होंने तुरंत बरवाला पुलिस चौकी में दी। सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। इसके अलावा डिटेक्टिव स्टाफ ने मौके का जायजा लिया है।
बरवाला के गांव सुल्तानपुर के शनि मंदिर का टूटा गुल्लक।- फोटो : PKL OFFICE