पिंजौर। गांव खेड़ावाली लेही में तालाबंद घर से चोर ज्वेलरी सहित नकदी चुरा कर ले गए। मौके से फरार होते हुए चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी उठा ले गए। रोहित शर्मा निवासी गांव खेड़ावाली लेही ने बताया कि बीते शनिवार वह घर को ताला लगा अपने बच्चे को लेकर स्कूल में चला गया। उसके बाद बच्चे को स्कूल में छोड़कर वह अंबाला में अपने ससुराल चला गया। अगले दिन जब वह घर वापस पहुंचा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा है। चेक करने पर पता चला कि घर में रखी अलमारी से सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी सहित नकदी चुरा ली गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद