संवाद न्यूज एजेंसीपिंजौर। गांव करनपुर में स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में घुसकर चोरों ने स्ट्रांग रूम का कुंडा और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। स्ट्रांग रूम के ताले तोड़ने में सफल नहीं होने पर चोर रोशनदान से फरार हो गए। इससे पहले चोरों ने बैंक का शटर तोड़कर मुख्य गेट से बैंक में प्रवेश करने की कोशिश की। सफल नहीं होने पर चोरों ने पीछे बने रोशन से बैंक में प्रवेश किया। इस दौरान चोर किसी भी प्रकार की चोरी नहीं कर पाए। शनिवार सुबह शटर टूटा देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक मैनेजर ममता ने बताया कि बैंक में किसी भी प्रकार की चोरी नहीं हुई है। चोरों ने बैंक के स्ट्रांग रूम के कुंडे को तोड़ा परंतु स्ट्रांग रूम के ताले को तोड़ने में सफल नहीं हो पाए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात चोरों ने बैंक के मुख्य गेट पर लगे शटर को तोड़ा। सामने से बैंक में प्रवेश करने में सफल नहीं हो पाए। उसके बाद चोर बैंक के पीछे दीवार में बने रोशनदान की तरफ गए और लोहे की ग्रिल तोड़कर बैंक में प्रवेश कर गए। इस दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। वहीं दूसरी तरफ गांव के सरपंच जयराम ने बताया कि चोर जब सामने से बैंक में नहीं घुस सके तो वे बैंक के पीछे की दीवार पर बने रोशनदान की तरफ गए। रोशनदान की ऊंचाई अधिक होने की वजह से चोरों ने वहीं पास की दुकान से एक टेबल उठाया और उसके सहारे वे रोशनदान तक पहुंच गए। रोशनदान में लोहे की ग्रिल तोड़कर वे बैंक में घुसे। चोरी करने में असफल होने के बाद चोर रोशनदान से ही बाहर निकल कर फरार हो गए।