कालका। शहर के इलाके टगरा हरि सिंह में चोरों ने एक डिस्पेंसरी के स्टोर रूम का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान उड़ा लिया। इस संबंधी एएनएम संतोष शर्मा ने बताया कि डिस्पेंसरी की इमारत की हालत खस्ताहाल होने के कारण वह और गुरदीप कौर आंगनवाड़ी में बैठते हैं। लेकिन रोजाना डिस्पेंसरी में भी जाना होता हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को डिस्पेंसरी में ताला लगाकर वह घर वापस चले गए थे। मंगलवार सुबह डिस्पेंसरी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि डिस्पेंसरी के स्टोर का ताला टूटा हुआ था और स्टोर रूम में रखा सामान गायब था। उन्होंने बताया कि चोरों ने ताला तोड़कर दो वजन करने वाली मशीन, एक बच्चों का वजन करने वाली मशीन, आठ कुर्सियां, दो टेबल, बीपी चेक करने वाली मशीन, एक टेबल फैन, दो बाल्टी, एक फर्राटा फैन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने स्टोर रूम में रखी एक अलमारी को भी खोलने का प्रयास किया था। इसमें चोरों ने अपनी चाबी भी लगाई थी, लेकिन वह इसे खोल नहीं पाए और अलमारी में चाबी लगी लगाई छोड़ गए। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। एसएमओ डॉक्टर रूपेंद्र सिंह सैनी ने बताया कि इस चोरी की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।