संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर की अलग-अलग सेक्टरों की मार्केट में दीपावली की रौनक शुरू हो गई है। अलग-अलग सेक्टरों की मार्केटों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सेक्टर-11, 7, 9, 8, 25 सहित विभिन्न सेक्टरों की मार्केटों में लोग जमकर खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। मार्केटों के पास फुटपाथ पर मिट्टी से बने सामानों को बेचा जा रहा है। दुकानदार आकर्षक ऑफर के साथ सामान बेच रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
मार्केटों में भीड़ इतनी ज्यादा है कि लोगों को कार पार्क करने के लिए जगह नहीं मिल रही है। सबसे ज्यादा बुरा हाल सेक्टर-7 और 11 की मार्केट का है। यहां पर लोग पार्किंग में वाहन खड़े करने की बजाय सड़कों पर वाहन खड़े करने को मजबूर हो रहे हैं। शुक्रवार को भी शहर की मार्केटों में शाम होते ही काफी रौनक देखने को मिली। दुकानदारों ने बताया कि शनिवार और रविवार को ग्राहकों की ज्यादा भीड़ देखने को मिलेगी।
सेक्टर-7 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान अमित गोयल ने बताया कि मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था को देखने के लिए गार्ड की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा मार्केट में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस से कमांडो की तैनाती की मांग की जाएगी। करवा चौथ पर पुलिस द्वारा मार्केट में कमांडो की तैनाती की थी।