पंचकूला। एमडीसी स्थित पुलिस कमिश्नर ऑफिस के नजदीक एक युवक को रास्ते में रोककर कुछ लोगों ने पीटना शुरू दिया। पुलिस कमिश्नर ऑफिस में मौजूद पुलिसकर्मी ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को काबू किया और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी के पास से एक तेजधार चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान राकेश गांधी काॅलोनी निवासी के रूप में हुई है। एमडीसी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सागर गांधी कॉलोनी निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वीरवार शाम करीब 5:30 बजे उसे कुछ लड़कों ने मेन सड़क पर रोक लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। पास ही पुलिस कमिश्नर ऑफिस से एक पुलिस अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उसको बचाया। एक लड़के को काबू कर लिया। इस दौरान अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे पहले भी 21 जनवरी 2024 को उस पर हमला हुआ था। इसमें आसिफ, विक्रम, पप्पू, बबलू राजकुमार, विक्की, धर्मेंद्र ने उस पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद सभी आरोपी कोर्ट से बेल पर बाहर आ गए थे। आरोपी उस पर समझौते के लिए धमकी दे रहे थे इसी संदर्भ में उस पर वीरवार को भी हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है बाकी अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।