मोरनी। बैहलों गांव में ज्येष्ठ माह के पहले रविवार को माता बड़ासन के वार्षिक मेले का आयोजन हुआ। इसमें आयोजित कुश्ती के दंगल का फाइनल पपलोहा पिंजौर के आदित्य और करनाल के रवि के बीच हुआ। मुकाबले के लिए, निर्धारित समय तक कोई परिणाम न निकलने पर अतिरिक्त समय दिया गया। लेकिन इसके बावजूद कोई परिणाम न निकलने पर दोनों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया गया। दंगल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि समाजसेवी जगमोहन वर्मा ने विजेताओं को नकद राशि और शील्ड देकर सम्मानित किया। इस अवसर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेलों का आयोजन हमारी संस्कृति को मजबूत करता है और आपसी भाइचारे की भावना को विकसित करता है। बैहलों के माता बड़ासन मंदिर कमेटी के प्रधान कुलदीप परमार व पूर्व प्रधान पवन मैहत ने बताया कि पिछले लगभग तीन दशकों से मंदिर में मेले का आयोजन करवाया जा रहा है। मोरनी इलाके में अलग-अलग धार्मिक स्थानों पर ज्येष्ठ मास के चारों रविवारों को मेलों को आयोजन होता है।