हरियाणा सरकार नौवीं से बारहवीं कक्षा तक का सिलेबस सीबीएसई की तर्ज पर कम करेगी। गुरुवार को यह निर्णय लिया गया। कोरोना के कारण सरकार सिलेबस कम करने जा रही है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबंद्ध स्कूलों के विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव कम करने के लिए पाठ्यक्रम को वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए कम कर रहे हैं।
कोरोना के कारण स्कूल भी बंद हैं। कक्षाओं में औपचारिक शिक्षण संभव नहीं हो पा रहा। हालांकि, सरकार ने प्रतिपूर्ति के लिए ऑनलाइन शिक्षा देने की व्यवस्था की हुई है। बावजूद इसके विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव कम करने के उद्देश्य से सीबीएसई बोर्ड की तरह हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबंद्ध स्कूलों में भी पाठ्यक्रम को कम करने का निर्णय लिया है।
पाठ्यक्रम को कम करने के लिए सरकार ने शिक्षा बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि एससीईआरटी गुरुग्राम के साथ समन्वय स्थापित कर एक कमेटी गठित कर एक सप्ताह के अंदर अपना प्रस्ताव पेश करें। कंवर पाल ने बताया कि अब तक 9वीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक ऑनलाइन जितना पाठ्यक्रम पढ़ाया गया है, उसको कम किए जाने वाले पाठ्यक्रम में शामिल करने के भी निर्देश दिए हैं। इससे अब तक विद्यार्थियों का पढ़ा हुआ काम आ सकेगा। सरकार विद्यार्थियों पर ज्यादा शैक्षणिक भार न डालकर आवश्यक पढ़ाई को जारी रखना चाहती है।