लोग बोले -आबादी के बीच में ऐसे आयोजन नहीं करवाने चाहिए
पंचकूला के सेक्टर-8, 9 और 10 के मार्केट की ओर जाने वाले रास्तों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया था। वहीं, सेक्टर-5 का पेट्रोल पंप भी पूरे दिन बंद रहा। इसके चलते सेक्टरों सहित आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच इस तरह के आयोजन करने से पहले पुलिस और प्रशासन को एक बार पब्लिक की सुविधाओं के बारे में भी सोच लेना चाहिए।
पार्किंग में नहीं मिली जगह, सड़कों पर खड़े किए वाहन
शो में पहुंचे लोगों के लिए पार्किंग की पूरी व्यवस्था नहीं होने के कारण उनको सड़कों पर ही अपने वाहन खड़े करके जाना पड़ा। चारों तरफ पार्किंग में असुविधा ही दिखाई दी। इस वजह से शो के बाद कई चौराहों पर घंटों तक जाम में वाहन चालक फंसे रहे। बता दें कि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारू रूप से चले, इसके लिए एक दिन पहले शनिवार को ही पुलिस की ओर से रिहर्सल की गई थी। इसके बावजूद लोगों को पुलिस ने दिनभर छकाया।
रविवार को चंडीगढ़ से आने वाले वाहन चालकों को रूट बारे में जानकारी नहीं होने की वजह से कई घंटों तक शहर में घूमते रहे। दोपहर 12 बजे से रूट बंद करने से सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को भी दिक्कतें आईं। उन्हें दूसरे रास्तों से लंबी दूरी तय करके अस्पताल जाना पड़ा।
300 जवानों के भरोसे रही सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस प्रशासन ने इस शो की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी को संभालने के लिए 300 से अधिक जवानों की तैनाती की थी, लेकिन 15 हजार से अधिक संख्या में भीड़ जुटने की सारी व्यवस्था फेल हो गई, क्योंकि इससे दोगुनी संख्या में लोग पहुंचे थे। एक ओर जहां कन्सर्ट को देखने के लिए लोग पहुंचे तो वहीं दूसरी ओर गायक को देखने के लिए उमड़ी फैंस की भीड़ की वजह से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी और दर्शकों के बीच में खूब बवाल मचा। शो के शुरू होने से लेकर खत्म होने तक मेला मैदान के चारों ओर जाम की स्थिति बनी रही।
लाइव कन्सर्ट में घुसने की कोशिश में लगे रहे फैंस
जैसे ही शाम को छह बजे लाइव कन्सर्ट को देखने के लिए एंट्री शुरू हुई तो बाहर खड़े फैंस का हुजूम भी गायक को देखने के लिए उमड़ पड़ा। देखते ही देखते हजारों की संख्या में युवाओं की भीड़ जमा हो गई। वहीं, अरिजीत सिंह की एक झलक पाने के लिए कोई दीवारों पर चढ़ने के प्रयास में दिखा तो कोई वाहन के ऊपर ही खड़े होकर देखने की कोशिश करता रहा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी लोगों के उत्साह को रोकने में असफल नजर आए।