माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। नाबालिग पर केमिकल फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया। वहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चंडीमंदिर एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि नाबालिग की आरोपी के साथ करीब आठ माह पहले जान-पहचान हुई थी। पीड़िता जब भी घर से बाहर जाती थी, आरोपी उसके साथ बदतमीजी करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कुछ समय पहले उसके घर में घुसकर जबरदस्ती की।
किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी। इसके बाद भी डरा धमकाकर आरोपी उसके साथ कई बार जबरदस्ती कर चुका था। 20 मई को पीड़िता किसी काम के सिलसिले में बाजार गई थी। आरोपी उसके पास पहुंचा और उसको जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठाया। सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता ने उसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके चेहरे पर केमिकल फेंक दिया। पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया।