शिअद सुधार लहर ने की मांग, आज चार जिलों के डीसी को सौंपे ज्ञापन
13 सितंबर तक सभी जिलों में चलाया जाएगा अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल सुधार लहर ने पंजाब सरकार की तरफ से पेट्रोल-डीजल के दाम व बसों के किराए में बढ़ोतरी के फैसले का विरोध किया है। सुधार लहर के कन्वीनर गुरप्रताप सिंह वडाला ने कहा कि सरकार बिजली और रजिस्ट्री के रेट और मोटर वाहन टैक्स में बढ़ोतरी करके लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने का काम कर रही है।
उनकी मांग है कि सरकार को लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने की जगह अपने खर्चे कम करने चाहिए। इस फैसले को तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में शिअद सुधार लहर की तरफ से डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा और इस फैसले को वापस लेने की मांग की जाएगी। सोमवार को जालंधर, संगरूर, मोहाली, पटियाला के डीसी को ज्ञापन दिया जाएगा। इसी तरह 10 सितंबर को होशियारपुर, अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मानसा, 11 सितंबर को गुरदासपुर, तरनतारन, बठिंडा, बरनाला, मोगा, रोपड़, 12 सितंबर को फिरोजपुर, कपूरथला, फजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और 13 सितंबर को फरीदकोट, नवां शहर और पठानकोट के डीसी को ज्ञापन दिया जाएगा।