पिंजौर। पटाखों की आवाज और खतरनाक ड्राइविंग से लोगों की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाले हुड़दंगी चालकों पर सूरजपुर ट्रैफिक टीम ने शिकंजा कसते हुए पिंजौर में विशेष अभियान चलाकर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान यातायात प्रभारी अभिषेक कुमार की मौजूदगी में 10 वाहनों के चालान काटे गए, जिनमें 2 बुलेट बाइक मौके पर ही इंपाउंड की गईं। ट्रैफिक प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पिंजौर मुख्य बाजार क्षेत्र में दो बुलेट सवार युवक पटाखे बजाते हुए हुड़दंगबाजी कर रहे थे। दोनों चालकों पर मौके पर ही 33,000 रुपये और 32,500 रुपये के चालान काटे गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और एक्टिवा पर भी कार्रवाई की गई और जिसमें बाइक का 22,000 रुपये का चालान किया गया। अभियान में पुलिस ने एक स्कूली वैन को भी पकड़ा, जिसमें क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। इसके अलावा 5 ऑटो चालकों को भी नियम तोड़ने पर पकड़ा गया और चालान थमाए गए।