पंचकूला। गांव टिब्बी में मिली बच्ची को नागरिक अस्पताल सेक्टर 6 द्वारा पुलिस की उपस्थिति में शिशु गृह पंचकूला को सौंप दिया गया। कागजी कार्रवाई के बाद अस्पताल ने शिशु गृह की सुपरवाइजर ईशा मलकानियां के सुपुर्द बच्ची कर दी गई। बच्ची को शिशु गृह में एंबुलेंस में ले जाया गया। अब इस बच्ची का शिशु गृह में लालन-पालन होगा। बता दें कि लगभग एक महीना पहले बरवाला खंड के टिब्बी गांव में एक नवजात बच्ची को डस्टबिन में फेंकने का मामला सामने आया था। यह घटना तब उजागर हुई थी जब डस्टबिन के पास रहने वाले एक परिवार ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। बाहर आकर उन्होंने देखा कि डस्टबिन के अंदर एक नवजात बच्ची पड़ी थी, जिसके शरीर पर नदी की रेत लगी थी। गांव के लोहार वाला मोहल्ला निवासी सुभाष ने तुरंत इस घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर आशा वर्कर और अन्य अधिकारी पहुंचे। इसके बाद बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोट गांव में पहुंचाया गया, जहां उसका वजन 1 किलो 300 ग्राम पाया गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। डाक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत ठीक है।