संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। हायर एजुकेशन के मुख्यालय में आईएएस और एचसीएस अधिकारियों की जानकारी के बिना उनकी मुहर का प्रयोग कर कर्मचारियों की शाखा बदलने के मामले में उच्चतर शिक्षा मंत्री मूलचंद शर्मा ने सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, विभाग की छवि खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उच्चतर शिक्षा विभाग के एक क्लर्क ने दिसंबर में एक शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया था कि विभाग की प्रशासन शाखा में सुपरिंटेंडेंट स्तर के अधिकारी गड़बड़झाला कर कर्मचारियों की शाखा बदल रहे हैं।
इसके लिए वे निदेशक और अतिरिक्त निदेशक स्तर के अधिकारियों की मुहर का प्रयोग करते हैं, जबकि उन अधिकारियों को इसकी कोई जानकारी नहीं होती है। इस पर विभाग ने उपनिदेशक खेल डॉ. कुलदीप बैनिवाल को जांच का जिम्मा सौंपा था। करीब 10 दिन पहले डॉ. बैनिवाल ने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी। इस रिपोर्ट में बिना मंजूरी तबादलों की शिकायत को उन्होंने सही पाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की है।
विभाग के एक क्लर्क ने विभाग को दी शिकायत में बताया था कि 10 से 15 बार उसका तबादला एक से दूसरी शाखा में किया जा चुका है। मगर उसको स्थानांतरण आदेश केवल दो बार ही दिए गए हैं। इसके अलावा उसने यह भी बताया था कि तीन अधिकारियों के खिलाफ तत्कालीन शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने गलत तरीके से पदोन्नति किए जाने के मामले में चार्जशीट को मंजूरी दी थी। मगर उनके खिलाफ वह चार्जशीट जारी नहीं की गई। उसके बाद उन तीन में से दो अधिकारियों को पदोन्नत भी कर दिया गया, जबकि चार्ज शीट पेंडिंग होने के कारण पदोन्नति संभव ही नहीं है।
उच्चाधिकारियों तक पहुंच सकती है जांच की आंच
इस मामले की जांच गहराई से कराई गई तो जांच की आंच तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारियों के हाथों तक भी पहुंच सकती है। उक्त दो अधिकारियों की पदोन्नति की फाइल चलाई गई तो प्रशासन शाखा के असिस्टेंट ने फाइल पर कमेंट कर यह जानकारी दी कि उनके खिलाफ मंजूर हुई चार्जशीट को जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद उस कमेंट को अनदेखा कर दोनों को प्रमोट कर दिया गया। इसलिए अब इसमें अनदेखी करने वाले अधिकारी भी फंस सकते हैं।
तबादलों की फाइल पर अधिकारियों की नोटिंग नहीं
शिकायत की जांच के दौरान यह सामने आया था कि कुछ कर्मचारियों के तबादलों की फाइल पर निदेशक और अतिरिक्त निदेशक स्तर के अधिकारियों की मुहर लगाई गई थी। मगर उन पर अधिकारियों की कोई नोटिंग नहीं थी। जब भी किसी कर्मचारी की शाखा बदली जाती है तो उसकी फाइल पर अधिकारी अपनी नोटिंग करते हैं।
विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे दोषी कर्मचारियों या अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह काफी गंभीर मामला है। इसमें दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। - मूलचंद शर्मा, मंत्री हायर एजुकेशन, हरियाणा सरकार