माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद के को-आर्डिनेटर द्वारा अपने निजी ई-मेल से विभाग के प्रिंसिपल रैंक के अधिकारियों का पर्सनल डाटा विभाग के डायरेक्टर के सरकारी ई-मेल पर भेजने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आईटी विंग के प्रोग्रामर वरुण अग्रवाल की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बताया गया है कि हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद में रजनीश को-आर्डिनेटर के पद पर कार्यरत है। उसने 10 मार्च की शाम 5.45 बजे विभाग के प्रिंसिपल रैंक के अधिकारी राजीव वत्स, हरिता मलिक, संजय कुमार और नरेश कुमार का पर्सनल और प्रोफेशनल डाटा अपने निजी ई-मेल से विभाग के ही डायरेक्टर के ऑफिशियल ई-मेल पर कर दी। ई-मेल करने के कुछ समय बाद ही विभाग में सभी अधिकारियों को पता चल गया। जिनकी पूरी जानकारी ई-मेल के माध्यम से को-आर्डिनेटर ने शेयर किया उन्हें मामले की जानकारी मिल गई। उनमें एक महिला प्रिंसिपल रैंक की अधिकारी भी शामिल हैं। मामले की जानकारी मिलते ही उन सभी ने विभाग के डायरेक्टर को लिखित तौर पर शिकायत दी। इसके बाद मामले की जांच की गई और उसमें को-आर्डिनेटर की गलती सामने आई और उसने गलत नियत से बिना किसी के मंजूरी और अनुमति के चार अधिकारियों का व्यक्तिगत डाटा ई-मेल से सार्वजनिक कर दिया। डायरेक्टर के आदेश पर आईटी सेल के प्रोग्रामर ने मामले की शिकायत पुलिस में दी।
ये डाटा किया ई-मेल
पुलिस के मुताबिक को-आर्डिनेटर ने अपने विभाग के चार अधिकारियों का सर्विस रिकॉर्ड, हेल्थ स्टेटस, उनका पैन कार्ड, आधार कार्ड, उनके परिवार के सदस्यों के दस्तावेज सहित कई तरह के दस्तावेज ई-मेल के माध्यम से डायरेक्टर के विभागीय ई-मेल पर भेजी थी।
शिक्षा विभाग के अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। - सुखबीर सिंह, एचएसओ सेक्टर-5 थाना।