संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। महाशिवरात्रि पर पूरा शहर शिव नाम के रंग में रंगा नजर आया। सुबह चार बजे से लेकर पूरे दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली। शहर के सभी मंदिरों को लाइटों समेत फूल और मालाओं से सजाया गया था। इसके साथ मंदिरों में आने वाले भक्तों के लिए दूध, फल, कुट्टू के आटे की पकौड़ी के साथ ड्राई फ्रूट्स की प्रसाद के रूप में व्यवस्था की गई। वहीं शहर को जोड़ने वाली रास्तों पर भी समाज सेवी संस्थाओं की ओर से लंगर आदि की व्यवस्था की गई थी। शहर के सभी छोटे -बड़ें मंदिरों के कपाट सुबह चार बजे से भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए।
चार प्रहर में की भगवान शंकर की पूजा
शहर के सेक्टर-10 के श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-15 के रघुनाथ मंदिर में, सेक्टर-21 के प्राचीन शिव मंदिर, सेक्टर-6 के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में, सेक्टर -2 के श्री राम मंदिर में, सेक्टर-9 के प्राचीन शिव मंदिर में, सेक्टर-15 के गणेश मंदिर, सेक्टर-16 के सनातन धर्म मंदिर, एमडीसी के सेक्टर -4 के शांति स्नेह मंदिर में भगवान शंकर की चार प्रहर में पूजा की गई। इसके साथ सेक्टर-21 के प्राचीन शिव मंदिर में दिल्ली से आएं फूलों की सजावट देखने के लिए पूरे शहर भर से लोग पहुंचें थे। इसके साथ शहर के कई मंदिरों में हरिद्वार से गंगाजल लाकर कावड़ियों ने महादेव को अर्पित किया।
शहर में कई जगह भंडारे का हुआ आयोजन
पंचकूला। महाशिवरात्रि पर माता मनसा देवी से लेकर सकेतड़ी मंदिर तक तमाम संस्थाओं द्वारा लंगर का आयोजन किया गया था। किसान मंडी की ओर से भगवान का शानदार दरबार लगाया गया, जिसमें कई कलाकारों ने भगवान की वेश भूषा धारण कर लीला करते दिख। गौरी शंकर दल की ओर से कई जगह लंगर का आयोजन किया गया था। एमडीसी के सेक्टर -5 में वर्मा परिवार ने मालपुए और खीर का लंगर लगाया गया। एमडीसी के सेक्टर -4 के शांति स्नेह मंदिर में दूध, फल और आलू -पूरी का लंगर लगाया गया।
फ्री हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन
पंचकूला। एमडीसी के सेक्टर -5 में भारत विकास परिषद् की मनसा देवी पंचकूला की शाखा की ओर फ्री हेल्थ चेकअप शिविर लगाया गया। इसके साथ सकेतड़ी मंदिर में आने वाले भक्तों के फ्री हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में जांच के लिए आने वालों भक्तों को जांच के बाद छोटी-मोटी बीमारी के लिए फ्री दवाई दी गई।