पिंजौर। नालागढ़ रोड पर स्थिति आंचल विहार कॉलोनी में बाइक सवार तीन युवक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर मौके से फरार हो गए। फरार होते हुए एक आरोपी का मोबाइल मौके पर ही गिर गया। शिकायतकर्ता महिला रजनी बाला ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह गली में जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। इस वारदात में उनकी गर्दन पर निशान पड़ गए हैं। इसी दौरान एक आरोपी युवक का मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। झपटमारी की यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। आंचल विहार वेलफेयर एसोसिएशन प्रधान महावीर सिंह, राजबीर शर्मा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। इसके अलावा कॉलोनी में पुलिस गश्त भी लगाई जाए ताकि ऐसी वारदातों पर रोक लगाई जाए।