पिंजौर। गांव रामपुर सियुड़ी में घर के पास खड़ी कार चोरी होने का मामला सामने आया है। वाहन मालिक की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। गांव रामपुर सियुड़ी निवासी लखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी कार रात करीब एक बजे घर के पास खड़ी की थी। सुबह करीब सात बजे जब वह बाहर आया तो कार वहां नहीं थी। इसके बाद उसने आसपास के क्षेत्र में अपने स्तर पर कार की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। कार का पता नहीं चलने पर लखबीर ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पिंजौर थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। संवाद