पंचकूला। प्रदेश में किसी भी तरह की आपात स्थिति में पीड़ित को मदद पहुंचाने के लिए डायल 112 की योजना शुरू की गई है। हैरानी की बात यह है कि वीरवार की देर रात पंचकूला में हुए घटना में डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी गई।
बावजूद इसके घटना के करीब चार घंटे बाद भी मौके पर डायल 112 की टीम नहीं पहुंची। इसके बाद कार मालिक ने स्वयं ही क्रेन मंगवाकर हादसे में क्षतिग्रस्त कार उठवाई। अगले दिन शुक्रवार की सुबह हादसे के 12 घंटे बाद डायल 112 कॉल सेंटर से वेरिफिकेशन कॉल आई। इसमें मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची या नहीं इसके बारे में पूछा गया।
दरअसल रामगढ़ से नाडा साहिब की तरफ से आ रही एक स्विफ्ट कार वीरवार की रात करीब 10 बजे अनियंत्रित होकर होकर बंदरघाटी के पास पंचकूला-बरवाला चौराहे पर स्थित डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके चलते कार चालक को हल्की चोटें भी आईं, लेकिन वह बिल्कुल ठीक था। कार का अगला हिस्सा बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो चुका था। कार का बंपर, रेडिएटर सहित कई पार्ट्स टूट चूके थे। अगले दोनों पहिये फट चूके थे।
इसके बाद घटना स्थल पर मौजूद लोगों में रंजन कुमार ने रात 10.43 मिनट पर डायल 112 पर कॉल कर जल्द से जल्द पुलिस भेजे जाने की बात कही। डायल 112 कॉल सेंटर की प्रतिनिधि ने 5 से 10 मिनट के भीतर मौके पर टीम के पहुंच जाने का आश्वासन दिया। इस बीच मौके पर सभी लोग करीब चार घंटे तक मौके पर रहे और उस दौरान डायल 112 की टीम नहीं पहुंची।