पंचकूला। शहर के विभिन्न सेक्टरों में हफ्ते भर से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। सेक्टर निवासियों में दूषित पानी की सप्लाई से संक्रामक बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। लोगों का कहना है आजकल बारिश के बाद एक सप्ताह से लगातार शहर के विभिन्न सेक्टरों में दूषित पानी आ रहा है। अधिकारी केवल पानी सैंपल लेकर भेज रहे हैं। वहीं पानी की पाइप को ठीक नहीं करवा पा रहे हैं। इस कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
शहर के सेक्टर के लोगों का कहना है कि हर बार बारिश होने क बाद दूषित पानी पीने से बीमारी होने की संभावना बनी रहती है। अगर पीने का पानी साफ नहीं हो तो लोगों को संक्रामक रोग हो सकते हैं। शहर के सेक्टर-7, 8, 10, 15, 18, 19, सहित घग्गर पार के सेक्टरों में यह हालात बने हुए हैं। गंदा पानी आने के कारण लोग इसे पीने में इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। वहीं कुछ लोग पानी को उबालकर उसका प्रयोग करने पर मजबूर हैं। सेक्टर निवासियों को बीमार होने का डर सता रहा है।
शिकायत के बाद नहीं हुआ निवारण
पीने का पानी लगातार गंदा आ रहा है। इसके लिए एचएसवीपी को जानकारी भी दी गई है। इसके बाद भी साफ पानी लोगों के घरों में नहीं पहुंच रहा है। इस कारण समस्या हो रही है। विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई है। -आरपी मल्होत्रा, सेक्टर- 8
विभाग ने पाइपें नहीं बिछाईं
सेक्टरों के मास्टर प्लान में चार मंजिला बिल्डिंग बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। लेकिन अभी तक पानी की नई पाइप नहीं बिछाई गई हैं। इस कारण पानी दूषित सप्लाई हो रहा है। इस वजह से पानी बाहर से खरीदना पड़ रहा है। -सुनील वर्मा, निवासी सेक्टर-8
अधिकारियों ने नहीं किया समाधान
शहर के सेक्टर में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। सके बाद अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया गया। इसके बाद इस समस्या का निदान नहीं हो पाया है। इस कारण अधिकारी लगातार परेशान हो रहे हैं। हमारी मांग है कि संबंधित विभाग की ओर से हमारी समस्या का निदान किया जाए। -मोहिंदर बल्हारा, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-28
एचएसवीपी करवाए काम
सेक्टर में आए दिन पानी खराब आ रहा है। विभाग के अधिकारी पाइप की चेकिंग कर वापस चले जाते हैं। गंदा पानी पीने से संक्रामक रोग होने का डर बना रहता है। इसलिए हमारी मांग है कि नगर निगम और एचएसवीपी की ओर से इस पर काम किया जाना चाहिए। -एसके नैय्यर निवासी सेक्टर-15
कोट ---
दूषित पानी सप्लाई की शिकायत मिलने के बाद विभिन्न सेक्टरों के सात सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पानी की रिपोर्ट ठीक आई है। विभिन्न सेक्टरों से यहीं शिकायत मिली है। जल्द ही जांच करके हम दूषित पानी की सप्लाई पर रोक लगाएंगे। -उमेश भतेजा, जेई, एचएसवीपी