संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। किशोरी को शिमला से अगवा कर ला रहे एक आरोपी को चंडीमंदिर पुलिस ने टोल प्लॉजा पर दबोचकर शिमला पुलिस के हवाले कर दिया। इस दाैरान स्थानीय लोगों ने आरोपी प्यारे लाल की जमकर पिटाई भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसको बचाया।
शिमला पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बस में 13 वर्षीय किशोरी को अगवा कर चंंडीगढ़ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने बस ड्राइवर का मोबाइल नंबर पता करके उससे संपर्क किया। उस समय बस चंडीमंदिर टोल के पास पहुंच चुकी थी। पुलिस ने ड्राइवर से किशोरी और व्यक्ति के बारे में पूछा, तो उसने दोनों के बस में होने की पुष्टि कर दी। इसके बाद ड्राइवर ने बस चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास रोक ली। इसी बीच शिमला पुलिस ने पंचकूला पुलिस से संपर्क कर लिया।
सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस मौके पर पहुंच गई और किशोरी को बरामद कर लिया। किशोरी का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने कहा कि आरोपी उसको जबरदस्ती लेकर जा रहा था। थोड़ी देर बाद शिमला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चंडीमंदिर पुलिस ने आरोपी और किशोरी को शिमला पुलिस को सौंप दिया।