माई सिटी रिपोर्टर
.पंचकूला। सेक्टर-2 में सेवानिवृत्त कर्नल के घर लूट और हत्या के तीनों मास्टर माइंड को पंचकूला डिटेक्टिव स्टाफ ने वारदात के 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान विजय कुमार निवासी माजरी गांव, बिट्टू और विजय उर्फ रोमियो खड़क मंगोली के रूप में हुई है। वीरवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि रिमांड के दौरान पुलिस तीनों आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल चापड़, खून से सने कपड़े सहित लूट के 20 हजार रुपये रिकवर करेगी। लूट की मंशा से तीनों आरोपी घर में घुसे थे।
बता दें कि बुधवार की दोपहर करीब 1 बजे पंचकूला सेक्टर-2 के मकान नंबर 164 में तीन लुटेरों ने घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया और उस दौरान मकान मालिक रिटायर्ड कर्नल आरके शर्मा और उनकी पत्नी सुशीला का चापड़ से गला रेत दिया। मकान में मौजूद नौकरानी राम मूर्ति के सिर पर धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। बुधवार की देर रात सेक्टर 26 के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सुशीला की मौत हो गई। रिटायर्ड कर्नल आर के शर्मा की बुधवार की देर रात दो सर्जरी हुई और उसके बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नौकरानी राममूर्ति का इलाज सेक्टर 6 जनरल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की जांच के मुताबिक लूट और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों के नाम चोरी सहित अन्य लड़ाई झगड़ों की वारदातों में सामने आ चुकी है। पंचकूला समेत ट्राईसिटी व हिमाचल में इन आरोपियों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं इसके बारे में भी पुलिस पता कर रही है। पंजाब, चंडीगढ़ व हिमाचल के पुलिस के साथ आरोपियों की पूरी डिटेल पंचकूला पुलिस ने शेयर की है।
लूट की प्लानिंग से ही आरोपी घर के भीतर गए थे
पुलिस की जांच में सामने आया है कि रिटायर्ड कर्नल के घर में काम करने वाले केयरटेकर विजय सबसे पहले घर के भीतर गया और उसके बाद बिट्टू और विजय उर्फ रोमियो को घर के भीतर बुलाया। सबसे पहले कर्नल के कमरे में आरोपी घुसे और कर्नल के गले पर चापड़ रखकर पूरे घर की छानबीन की। उसके बाद दूसरे आरोपी ने कर्नल की पत्नी के गले पर चापड़ रख कर उसे बाकी के दो कमरे में ले गए और उसी दौरान उन्होंने केयरटेकर विजय को पहचान लिया। उसके तुरंत बाद आरोपियों ने महिला की गर्दन चापड़ से रेत दिया। महिला की चीख को सुन कर्नल ने जब विरोध किया तो उनका गला भी रेत दिया।
उसी दौरान नौकरानी ने दूसरे विजय उर्फ रोमियो को पहचान लिया तो आरोपियों ने चापड़ की बट से नौकरानी के सिर पर मारकर कमरे से 20 हजार लूटे और वहां से फरार हो गए। घर में बैठे ड्राइवर प्रदीप को जान से मारने की धमकी देते हुए चुपचाप बिठा रखा था और आरोपी घर से बाहर निकलते समय ड्राइवर को ले जाकर हाइवे पर छोड़ दिया।
दिल्ली के रास्ते यूपी और बिहार भागने की प्लानिंग में थे, आरोपी
पंचकूला डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपी को वारदात के 8 घंटे में बुधवार की रात करीब 9 बजे विकास नगर नाका के पास से गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी वहां से दिल्ली होते हुए यूपी व बिहार की ओर बस व कैब से भागने की प्लानिंग कर रहे थे। पुलिस की जांच के मुताबिक तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पंचकूला में अलग-अलग जगहों पर जाकर छिप गए। वहां से उन्होंने नए कपड़े, मास्क व टोपी खरीदी और खून लगा हुआ कपड़ा छिपाया ताकि किसी को शक ना हो। आरोपियों की प्लानिंग के मुताबिक तीनों आरोपी बुधवार की रात करीब 8.30 बजे विकास नगर नाके पर मिले, जहां पर पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।