संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। साइबर थाना पुलिस की टीम ने 1.75 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में शामिल दसवें आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान किशन निवासी भारतनगर गांधीधाम (कच्छ, गुजरात) निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 17 नवंबर को गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामला 31 जुलाई 2024 को साइबर थाने में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 5 जुलाई को फेसबुक पर शेयर मार्केट का विज्ञापन लाइक करने के बाद उसे व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया। लिंक के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश कर दोगुना मुनाफा देने का लालच दिया गया और इसी धोखे में उससे कुल 1.75 करोड़ हड़प लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इससे पहले पुलिस 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है जिनमें सिरसा, अमृतसर और गुजरात के आरोपी शामिल हैं। हालिया गिरफ्तारी से गिरोह के नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिले हैं।