पंचकूला। जिले में शनिवार को कोरोना के दस नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही अब सक्रिय मरीजों की संख्या 29 हो गई है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि यह सभी मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और सेक्टर-छह सिविल अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं है। कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीरवार को 271 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट रविवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44299 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43856 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 621855 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का पालन करते रहें, अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना का टेस्ट करवा सकते हैं।