पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) वार्ड के लिए जगह चिन्हित करने के लिए केंद्र की टीम तीन बार दौरा कर चुकी है, बावजूद इसके अभी तक तय नहीं हो पाई है। जगह तय इसलिए नहीं हो पाई है क्योंकि जिस जगह को सेक्टर -6 सिविल अस्पताल में चिन्हित किया गया है वहां पर पोस्टमार्टम हाउस का एरिया आ रहा है। इसे अभी तक शिफ्ट करने की कोई पुख्ता प्लानिंग नहीं हो पाई है। नए पोस्टमार्टम हाउस को बनाने की जगह अस्पताल परिसर में नहीं हैं। इस कारण इसका काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। अस्पताल के एरिया में अधिक जगह नहीं होने के कारण क्रिटिकल केयर यूनिट का काम अभी लटक गया है। इसके लिए 17 करोड़ रुपये पास कर दिए गए हैं। इस कारण क्रिटिकल मरीजों को अभी सुविधा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। इसका काम नहीं होने के कारण लोगों को जीएमसीएच-32 और पीजीआई ही रेफर करना पड़ रहा है। बॉक्स
सारी सुविधाओं से महरूम रहेंगे मरीज
सेक्टर -6 सिविल अस्पताल में अभी क्रिटिकल केयर यूनिट नहीं बनने के कारण गंभीर घायल मरीजों को सुविधाओं महरूम होना पड़ेगा। क्रिटिकल केयर यूनिट में मिलने वाली सीटी स्कैन मशीन, एमआरआई मशीन, एक्स-रे मशीन, लैब सहित अन्य सुविधाएं अलग से नहीं मिल पाएंगी। क्रिटिकल केयर यूनिट में 2 ऑपरेशन थियेटर बनाने का प्रपोजल है और दो मरीजों का एक साथ ऑपरेशन किए जाने की सुविधा भी मरीजों को नहीं मिलेगी। पंचकूला के सिविल अस्पताल में क्रिटिकल हालत के करीब 20 पेशेंट भर्ती हैं। इस अस्पताल के नहीं बनने से अभी तक आधुनिक सुविधाओं से मरीज भी महरूम हैं।
कोट-
क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए टीमें ने तीन बार दौरा किया है। नए पोस्टमार्टम हाउस को बनाने की जगह अभी तक हमारे पास नहीं हैं। जगह जैसे ही हमें मिलेगी हम पोस्टमार्टम हाउस को शिफ्ट करेंगे। क्रिटिकल केयर यूनिट का काम इसके बाद ही शुरू हो पाएगा।
- डॉ. उमेश मोदी, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर -6