पिंजौर निवासी टैक्सी चालक परविन्द्र सिंह उर्फ बिट्टू के दोनों हत्यारोपियों गोबिंद राम उर्फ योगी और पवन गुप्ता से वारदात में इस्तेमाल हथियारों की रिकवरी के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों हत्यारोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच पुलिस ने इस हत्या मामले में पहले एक नाबालिग के अलावा तीन आरोपियों, यूपी के थाना शहर कोतवाली के अंतर्गत मिर्जापुर के मोहल्ला बुंदेलखंडी निवासी रोहित सेठ, पश्चिम बंगाल के जिला परनश के थाना हाबडा के अंतर्गत गांव सिमलपुर निवासी सुशांत सरदार और यूपी के जिला बदायूं के गांव गुरगांवा निवासी पवन गुप्ता को अरेस्ट किया था। नाबालिग को बाल सुधार गृह और अन्य दो हत्यारोपियों को न्यायिक हिरासत भेजा गया था। लेकिन हत्यारोपी पवन गुप्ता का पुलिस ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया था। इसके बाद पांचवें आरोपी गोबिंद राम उर्फ योगी को अरेस्ट कर उनसे वारदात में इस्तेमाल हथियार रिकवर किए गए। पांचों हत्यारोपियों ने 11 सितंबर को कालका रेलवे स्टेशन के समीप से बद्दी जाने को परविन्द्र सिंह की टैक्सी हायर की। फिर उन्होंने बद्दी-नालागढ़ के नाले के समीप परविन्द्र सिंह के सिर पर पिस्टल लगा दी। हाथापाई के दौरान हत्यारोपियों ने परविन्द्र के सिर में गोली मार दी थी। इससे पहले हत्यारोपियों की बद्दी स्थित एक कंपनी का कैश लूटने की योजना भी थी।