साइबर थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। साइबर ठग ने सेक्टर-20 निवासी व्यक्ति को वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर टेलीग्राम से जोड़ा। इसके बाद टास्क के नाम पर 48 हजार रुपये जमा करवा लिए और फिर व्यक्ति का फोन उठाना बंद कर दिया। साइबर ठगी होने का अहसास होने के बाद उन्होंने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सचिन सिंह निवासी सेक्टर-20 ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। छह फरवरी को वह ऑफिस में थे। उन्हें साइबर ठग ने टेलीग्राम आईडी से जोड़ा। इसके बाद टास्क देकर 48 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करवा लिए। उसने दोगुने पैसे देने को कहा। पैसे भेजने के बाद साइबर ठग ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से हटा दिया। सचिन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना प्रभारी मुनीष कुमार ने बताया कि जांच जारी है।