विद्यार्थियों को पढ़ाई में लगातार आ रही दिक्कत, अभी तक नहीं हुआ समस्या का समाधान
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर के स्कूलों में टैबलेट से पढ़ाई करना विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए सिरदर्द बन गया है। ई-अधिगम योजना के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए, लेकिन यह चल ही नहीं रहे हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। पंचकूला के शिक्षा विभाग को शहर के सरकारी स्कूलों की ओर से 500 शिकायतें भेजी गई हैं। इसके बाद अब तक समस्या का निदान नहीं निकल पाया है। इस कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
पंचकूला जिले में पिछले साल दसवीं और बारहवीं के बच्चों को 6 हजार टैबलेट दिए गए। टैबलेट पिछले साल पढ़ाई कर जाने वाले विद्यार्थियों से स्कूल में जमा करवा लिए गए थे। अब नया सत्र शुरू हुए चार महीने बीत चुके हैं। इसके बाद भी टैबलेट में नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। नेटवर्क न होने की जानकारी स्कूल की ओर से दी जा चुकी है। विद्यार्थियों को टैबलेट का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कुछ की दिक्कत जुलाई महीने में ठीक की गई थी, लेकिन अब भी पूरी तरह से इसे दुरुस्त नहीं किया जा सका। पुराने विद्यार्थियों का रिकाॅर्ड दिख रहा है। इसमें विभिन्न संकाय के विषय प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इसके अलावा वन स्कूल स्टूडेंट एप नहीं चल रहा है। होम वर्क क्रिएट और सेंड का विकल्प नहीं मिलने से शिक्षक व छात्र परेशान हैं। इसी तरह की समस्या शिक्षकाें के टैबलेट में आ रही हैं। कई बार स्कूल शिक्षा विभाग के अवसर पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इस कारण यह समस्या बनी है। इसमें जीएमएसएसएस-6, 15, 12,20 और 26 सहित अन्य स्कूलों में यह हाल बना हुआ है।
टैबलेट से संबंधित जिले के स्कूलों से शिकायत मिली है। इन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा। विद्यार्थियों के सिमकार्ड को भी जल्द एक्टिव करवाकर उनकी पढ़ाई करवाएंगें।
-सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला