माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। कोई भी गरीब बिना छत के न रहे, इसके लिए राजीव काॅलोनी, इंदिरा कॉलोनी और खड़क मंगोली के पात्र लाभार्थियों को एक-एक मरले के प्लाट दिए जाने की योजना शीघ्र ही लागू होने जा रही है। इस संबंध में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। यह बात ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-31 में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद के दौरान कही। इस दौरान ज्ञानचंद गुप्ता ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टालों का अवलोकन कर अधिकारियों को लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और नए लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देने के लिए निर्देशित किया।
बीपीएल और आयुष्मान कार्ड वितरित किया
इस मौके पर ज्ञानचंद गुप्ता ने रीना कौर और मुलायम सिंह को पेंशन सर्टिफिकेट, बीना रानी और कुलविंद्र कौर को बीपीएल कार्ड, मधु, प्रियांशु , सत्यदेवी और चंचल को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इसके अलावा उन्होंने फेंसिंग में राष्ट्रीय पदक विजेता रितिका, राजकीय माडल संस्कृति स्कूल सेक्टर-26 की राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतिभागी खुशी और बास्केटबाॅल में राज्यस्तर की प्रतिभागी प्रणवी को सर्टिफिकेट प्रदान किए। इस मौके पर विस अध्यक्ष ने सात सरोकारों में से एक प्लास्टिक मुक्त के तहत आसमां फाउंडेशन द्वारा बनाए कपड़े के बैग का भी विमोचन किया।
फाउंडेशन के मुनीश पुंडीर, प्रियंका पुनिया, रिचा शर्मा और बबीता की सराहना की। इस अवसर पर नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल और अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खांगवाल, नगर निगम उप-आयुक्त अपूर्व चौधरी, बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजिता मेहता, जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, पार्षद सोनिया सूद, जय कौशिक, राजेश बालमिकी, हरेंद्र मलिक, योगेन्द्र शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।