चंडीगढ़/पंचकूला/मोहाली। काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने सोमवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित किए। ट्राइसिटी में 10वीं में टेंडर हार्ट स्कूल की सृष्टि और पंचकूला के लिटिल फ्लावर स्कूल के नींव गुप्ता ने 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, लिटिल फ्लावर स्कूल के हर्षुल गर्ग, मोहाली के यादविंद्र पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले चंडीगढ़ सेक्टर-38डी चंडीगढ़ के कार्तिक गोयल और चंडीगढ़ के सेंट जेवियर सीनियर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थी राष्ट्रतेज ने 98.8 फीसदी अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहे हैं। सेंट स्टीफन स्कूल अरव गुप्ता 98.6% अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।12वीं में ह्यूमनिटीज की छात्रा सबरीन कौर मान ने 98.75 फीसदी अंक लेकर ट्राइसिटी में टॉप किया है। वहीं, वाईपीएस मोहाली की रवलीन कौर ने मेडिकल और नॉन मेडिकल में 97.25 फीसदी अंक हासिल कर ट्राइसिटी टॉप किया है। ह्यूमेनिटीज में चंडीगढ़ के स्ट्रॉबेरी फील्ड हाई स्कूल की टिया नागपाल ने 97, सेंट जेवियर स्कूल से नॉन मेडिकल में अरुणिमा ने 97 और कॉमर्स में सौम्य ने 93.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। मेडिकल में विदुला ने 96.50 प्रतिशत अंक लेकर सबसे अधिक प्राप्त किए।
क्या कहते हैं 10वीं के टॉपर
पिता बोले- मुझसे प्रैक्टिस के लिए 400 पन्नों का रजिस्टर मंगवाती थी सृष्टि
संयुक्त रूप से 10वीं में ट्राइसिटी की टॉपर सृष्टि के पिता तेजिंदर ने बताया कि वह उनसे 400 पन्नों के रजिस्टर मंगवाया करती थी ताकि लिखकर सभी विषयों की प्रैक्टिस कर सके। पेपर के दिनों में सृष्टि की तैयारी और भी बढ़ जाती थी। सृष्टि बिना ट्यूशन के घर पर खुद से रोजाना दो-तीन घंटे पढ़ाई करती। पिता ने कहा कि उनके समय में बच्चों के इतने अधिक अंक नहीं आते थे, लेकिन बेटी के इतने अच्छे नंबर आने पर बहुत खुश हैं। सृष्टि को विज्ञान में काफी रुचि है और वह वैज्ञानिक बनना चाहती है। पिता तेजिंदर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में वकील है और मां रजनी जोशी जीएमएचएस-20 में विज्ञान शिक्षक है।
विषय पर फोकस कर पढ़ाई करने से मिली सफलता
लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-14 के नींव गुप्ता ने बताया कि फोकस कर विषयों की पढ़ाई की है। इस कारण इस तरह के नंबर मिले हैं। स्कूल की पढ़ाई के बाद सेल्फ स्टडी तीन घंटे की है। नींव गुप्ता ने बताया कि उनके पिता राहुल गुप्ता और माता ममता इंश्योरेंस एडवाइजर हैं। वह आईआईटी मुंबई से पढ़ाई कर इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने पांच सौ के पूर्णांक में 497 नंबर प्राप्त किया है।
12वीं के स्ट्रीम टॉपर
सबरीन कौर बोलीं- मेरी उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत का नतीजा
सेक्टर-68 में रहने वाली सबरीन कौर मान ने वाईपीएस पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। सबरीन ने बताया कि वह केवल गणित विषय पढ़ने के लिए ट्यूशन जाती थी और बाकी सब विषय वह घर में खुद से पढ़ती थी। उसने बताया कि वह स्कूल में पढ़ाई गए सभी विषय को वह घर जाकर दोबारा पढ़ती थी और अगर कुछ समझ नहीं आता था तो अपने शिक्षक से उस संबंध में बातचीत कर लिया करती थी। इस उपलब्धि में सभी शिक्षकों की मेहनत रंग लाई है। सबरीन ने बताया कि वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया करती थी। वह जिला स्तर पर बास्केटबॉल और राज्य स्तर पर फुटबॉल खेल चुकी है। पिता राजविंदर सिंह मान और माता रविंदर कौर मान है। बड़ा भाई कारन राज सिंह मान दिल्ली से इकोनॉमिक्स ऑनर्स कर रहा है। सबरीन ने बताया कि वह कॉलेज में दाखिला लेने के बाद बीए-एलएलबी या फिर यूपीएससी की तैयारी कर सकती हैं।
फारेंसिक एक्सपर्ट बनना चाहती हैं रवलीन
रवलीन कौर फाॅरेंसिक एक्सपर्ट बनना चाहती हैं। इसकी वजह है उनका विज्ञान के साथ लगाव। रवलीन कौर ने बताया कि इसी वजह से उन्होंने 12वीं में नॉन मेडिकल के साथ मेडिकल सेलेक्ट किया था। सेक्टर 68 मोहाली की रहने वाली रवलीन ने बताया कि दसवीं में उनके 99 फीसदी अंक थे। रवलीन के पिता गगनदीप सिंह दिल्ली बेस कंपनी में उच्च पद पर हैं। मां गुरकीरत सामा जीएचएस कालेज की हेड हैं। रवलीन की एक छोटी बहन छठी क्लास में है। रवलीन ने बताया कि वह घर में खुद ही 2 से 3 घंटे पढ़ाई करती थी। बाकी के समय वह ट्यूशन और स्कूल का दिया गया होम वर्क करती थी। रवलीन को विज्ञान पढ़ना पसंद है। उन्होंने नीट का पेपर भी 12वीं के परिणाम से एक दिन पहले ही दिया है। रवलीन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अध्यापक और अध्यापिकाओं और माता-पिता को दिया है, जिन्होंने रवलीन को प्रोत्साहित किया। रवलीन ने बताया कि उनके स्कूल में सभी टीचर काफी अच्छे हैं।