माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों की विज्ञान में रुचि बढ़ाने के लिए समर स्कूल का आयोजन किया गया है। इसमें सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया के सहयोग से पंचकूला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7 में 30 जून तक ग्रीष्मकालीन शिविर चल रहा है। इसमें समन्वयक अजय ग्रोवर, वर्णिका, सूर्यांश अग्रवाल, वरुण गौतम, महक और अभिषेक की ओर से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईआईटी और आईआईएसएसआर मोहाली, पंजाब यूनिवर्सिटी से निकले विद्यार्थी स्कूली छात्रों को पढ़ा रहे हैं। उन्हें भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव और वनस्पति विज्ञान की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।
इस शिविर में शहर के सरकारी स्कूलों के 100 विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष व पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर बंसल ने बताया कि विज्ञान में बच्चों की रुचि पैदा करने को लेकर यह शिविर लगाया जा रहा है। इसमें बच्चों को सुबह 8.30 बजे से 1.30 बजे तक पढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों की रुचि आईआईटी जैसे संस्थानों की ओर बढ़ाना है।
समर स्कूल के माध्यम से बच्चों में विज्ञान पढ़ाने की तकनीक को विकसित किया जा रहा है। इसके लिए आईआईटी और अन्य संस्थानों से निकले विद्यार्थी पढ़ा रहे हैं। इसका स्कूली छात्रों को विशेष फायदा मिलेगा। -सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला