पिंजौर। सेपिएंट वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल की कक्षा नौवीं की छात्रा वंशिका को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित इंस्पायर मानक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से विज्ञान में उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जाता है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह सम्मान ‘इनोवेशन इन साइंस पर्स्यूट फॉर इंस्पायर्ड रिसर्च’ योजना के तहत उन विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिन्होंने विज्ञान में मौलिकता, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया हो। विद्यालय प्रबंधक राकेश ठाकुर और प्रधानाचार्या पूजा ठाकुर ने वंशिका की उपलब्धि की सराहना की और उसे भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में और उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। इस सफलता से स्कूल के शिक्षक, छात्र और अभिभावक गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।