संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। थाना मेहना पुलिस ने एक सौतेले पिता को नाबालिग बेटी के साथ तीन साल तक गलत काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर कर्मजीत कौर ने बताया कि जिले में रहने वाली 15 वर्षीय पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि कुछ साल पहले उसकी मां ने एक व्यक्ति से दूसरी शादी की थी। उस समय वह मात्र 13 साल की थी। लगभग तीन साल पहले उसकी मां का फरीदकोट के सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। मां अस्पताल में तीन दिन भर्ती रहीं। इसके बाद वह एक करीबी रिश्तेदार के घर रहने चली गईं। इसी दौरान उसके पति ने मौका पाकर कई दिन तक उसके साथ गलत काम किया। तीन साल से वह उसके साथ गलत काम कर रहा था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शनिवार को जब पुलिस आरोपी काे मोगा सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाने लाई तो पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को पीट दिया। पुलिस आरोपी वहां से बचाकर ले गई। वहीं, पीड़ित की मां ने बताया कि आरोपी बेटी को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था।