पिंजौर। कंस्ट्रक्शन साइट पर इंजीनियर ने भाई और साथियों की मदद से करीब 20 लाख की स्टील शटरिंग सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता दविन्द्र राम ने बताया कि उसने निर्माण कार्य का सरकारी ठेका ले रखा है, जिसका काम मढ़ावाला में चल रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके फोरमैन कमलजीत ने उसे 22 अप्रैल को बताया कि साइट से स्टील शटरिंग चोरी हो गई है। फोरमैन कमलजीत ने बताया कि वह 19 अप्रैल को अपने गांव पंजाब चला गया था। साइट पर इंजीनियर सौरव शर्मा, सरबजीत साबी और चौकीदार राम चंद्र रह गए थे। उसने अपने स्तर पर लोगों से पता किया तो उन्होंने बताया कि उसके कर्मचारी स्टील शटरिंग लोड कर ले जा रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने साइट के पास लगे कैमरे चेक किए तो पता चला कि इंजीनियर सौरव, उसका साथी स्टील शटरिंग लोड करके ले जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका स्टील शटरिंग का सामान इंजीनियर सौरव शर्मा निवासी सांबा जम्मू कश्मीर, सरबजीत साबी, निवासी गांव मसानी जालंधर पंजाब, इंजीनियर सौरव का भाई गौरव सहित उसके साथियों ने करीब 20 लाख की शटरिंग का सामान चोरी किया है।