संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नगर निगम पंचकूला ने पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर हरा और नीला रंग का कूड़ादान बांटने का शुभारंभ किया। महापौर कुलभूषण गोयल, नगर निगम आयुक्त अपराजिता एवं वार्ड पार्षद जय कौशिक ने इस अभियान शुरुआत की है। स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-15 पंचकूला के घरों में हरे और नीले रंग के कूड़ेदान बांटे जा रहे हैं। कुलभूषण गोयल ने बताया कि वार्ड नंबर 2 और 5 के प्रत्येक परिवार को हरा व नीला कूड़ेदान दिया जा रहा है। इसमें प्लास्टिक, कांच, पन्नी आदि नीले कूड़ादान में व गीला कचरा, भोजन, सब्जी, फल के छिलके हरे कूड़ेदान में रखे जाएंगे। जिससे लोगों को इनमें अंतर समझ आ सके। खाने-पीने की चीजों में प्लास्टिक, कांच आदि मिल जाता है और फिर पशु इन्हें भी खा लेते हैं। इसलिए इन वस्तुओं से बचाव जरूरी है। वार्ड पार्षद जय कौशिक ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दौलत राणा, दिनेश चौहान, वेदपाल जिंदल, राजेश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।