रायपुररानी। एक सड़क हादसे में महिला और उसकी बेटी घायल हो गई। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार टिप्पर ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। श्यामपुर निवासी मेहर खातुन ने पुलिस को बताया कि 17 नवंबर को वह अपनी मां शुभी खातुन, बहन आशिया, छोटे भाई साहिल और वाहिल के साथ अपनी बुआ की शादी में गांव फिरोजपुर काटखा गई थीं। शादी के बाद वे नारायणगढ़ बस अड्डे पर पहुंचे। वहां से रायपुररानी जाने वाली बस निकल चुकी थी। इसके बाद उनके पिता ने उन्हें एक किराए के ऑटो में बैठाकर श्यामपुर वापस भेजा। जब वे शाम करीब 7:30 बजे श्यामपुर अड्डे के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार टिप्पर चालक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारकर फरार हो गया। इस हादसे में मेहर की मां शुभी खातुन और बहन आशिया को चोटें आईं। दोनों को इलाज के लिए रायपुररानी अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 रेफर कर दिया। मेहर ने घटना की शिकायत थाना रायपुररानी में दर्ज करवाई। आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।