माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला-रामगढ़। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने पांच विकास कार्यों का शिलान्यास किया है। मंगलवार को बुढ़नपुर में धर्मशाला का पुनर्निर्माण और सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत का शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने गांव खटौली में करीब छह करोड़ की लागत से बनने वाले तीन प्रमुख विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें खेल स्टेडियम, फिरनी पक्का करने और खटौली-अलीपुर व सुखदर्शनपुर-टांगरी पुल तक सड़क निर्माण शामिल है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि खटौली में बनने वाले स्टेडियम से इस गांव के साथ-साथ रिहौड़, खेड़ी, बड़ोना, हरिपुर, डंढारड़ु, बटवाल और सुखदर्शनपुर के युवा लाभान्वित होंगे। सड़कों की मरम्मत का फायदा खटौली, अलीपुर, सुखदर्शनपुर, डंढारड़ु, बटवाल समेत मोरनी तक के लोगों को होगा।
विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मंगलवार को बुढ़नपुर के वार्ड नंबर-7 में धर्मशाला के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य के लिए 53.17 लाख की अनुमानित लागत निर्धारित की गई है। इसमें से 44.61 लाख रुपये की राशि आवंटित कर दी गई है। यह कार्य 4 माह में पूरा हो जाएगा। पुनर्निर्माण के लिए मौजूदा ढांचे को ढहाकर नई धर्मशाला बनाई जाएगी। इसमें भूतल और उसके ऊपर दो मंजिला भवन का निर्माण होगा। वहीं, पंचकूला में मौजूदा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कार्य का भी शुभारंभ किया। इस कार्य पर 2.43 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह कार्य छह माह में पूरा होगा।
खटौली निवासी मार्केट कमेटी पंचकूला के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा ने बताया कि खटौली और आसपास के लोग लंबे समय से इन विकास कार्यों की मांग कर रहे थे। डंढ़ारड़ु के पूर्व सरपंच रवि शर्मा और सोमनाथ ने बताया कि इस सड़क की मरम्मत काफी लंबे समय से लंबित थी। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बटवाल के सरपंच विधिचंद के अनुसार खटौली में खेल स्टेडियम का निर्माण इलाके के युवाओं के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने गांव खटौली में कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की नींव रखी और उद्घाटन किया, जिसमें सड़क निर्माण, स्टेडियम और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल हैं। उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।