मोरनी। नेटवर्किंग सुधारकर उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने की दिशा में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने काम शुरू कर दिया है। इसके तहत बीएसएनएल जल्द मोरनी खंड में अपने टावर की संख्या बढ़ाएगा। मंगलवार को बीएसएनएल कंपनी के जीएम सुशील कांसल ने अपनी टीम के साथ कोटी पंचायत का दौरा किया और अधिकारियों ने साइट का चुनाव और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की ताकि आगामी कुछ दिनों में यहां पर 4-जी मोबाइल टावर लगाकार ग्रामीणों की कालिंग और इंटरनेट परेशानियों को दूर कर सकें। इस मौके पर उनके साथ जनक शर्मा एजीएम, अवतार सिंह डिविजनल इंजीनियर, परमवीर यादव एसडीओ, उत्तम कुमार जेई आदि उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक के सामने रखी थी मांग
करीब छह महीने पहले कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने कोटी पंचायत के गांव काठी पहुंची विधायक लतिका शर्मा के सामने ग्रामीणों ने मोबाइल टावर लगवाने की मांग रखी थी। इस पर पूर्व विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह ग्रामीणों की समस्या को मुख्यमंत्री हरियाणा के सामने रखकर समाधान की मांग करेंगी। इस पर मंगलवार को गांव में पहुंची टीम को देखकर ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। अपनी मांग का समाधान होने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल और कालका से पूर्व विधायक लतिका शर्मा का आभार प्रकट किया है।
इन पंचायतों को होगा टावर का फायदा
इलाके की अधिकतर पंचायतों में मोबाइल नेटवर्क की हालत काफी खस्ता है। आलम यह है कि इंटरनेट चलाना तो दूर फोन पर बात करने के लिए भी ग्रामीणों को मशक्कत करनी पड़ती थी। कमजोर नेटवर्क के कारण दो से तीन कंपनियों के सिम कार्ड भी रखने पड़ते थे, जिससे उन्हें आर्थिक तौर पर भी नुकसान होता था। बात इमरजेंसी स्थिति की करें तो कमजोर नेटवर्क के कारण अधिकतर लोग सरकारी सुविधाओं से वंचित रहे जाते थे। इस संबंधी किसान मोर्चा अध्यक्ष लाल सिंह काठी ने बताया कि पंचायत में बीएसएनएल कंपनी का टावर लगने से उनकी पंचायत के अलावा धारटी, कोठी, दारड़ा, धामण, राजीटीकरी, नाईटा, थापली, जबियाल आदि पंचायतों में रहने वाले हजारों लोगों को फायदा होगा।
इस अवसर पर पंचायत के पूर्व सरपंच अजय राणा, युवा नेता भाजपा तेजराम टिक्कर, आनंद सिंह, घनश्याम सिंह, पृथ्वी सिंह, कुलदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।