माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सोलन निवासी 79 वर्षीय महिला राज मरजारा ने पीजीआई चंडीगढ़ को देहदान और नेत्रदान किया। राज मरजारा ने 2014 में देहदान का फॉर्म भरा था। यही नहीं देहांत से दस दिन पहले उन्होंने परिजनों को लिखित सहमति दी थी कि उनकी इच्छा के अनुसार उनके देहांत के बाद पीजीआई को देहदान और नेत्रदान किया जाए। यह प्रक्रिया समाजसेवी संस्था हितैषी फाउंडेशन के सहयोग से पूरी हुई। राज मरजारा के परिवार ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया। हितैषी फाउंडेशन के अध्यक्ष, भारत हितैषी ने बताया कि राज मरजारा के नेत्रदान से दो नेत्रहीनों को रोशनी मिली, वहीं उनकी बॉडी मेडिकल रिसर्च के लिए पीजीआई को दी गई। दिवंगत राज मरजारा के परिवार के सदस्य, विशेषकर उनके पति प्रिंसिपल सत्यपाल और उनके बेटे हिरदेश की ओर से उनकी इच्छाओं का पालन करने पर गर्व जताया। हितैषी फाउंडेशन ने लोगों से अपील की है कि वे भी इस नेक कार्य में शामिल हों और अंगदान व देहदान के लिए शपथ पत्र भरें। फाउंडेशन के मोबाइल नंबर 9855022251 पर संपर्क कर डोनर कार्ड प्राप्त किया जा सकता है।