माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पिंजौर के रामनगर खोली गांव में 15 जून को कार लूट में शामिल छठे आरोपी को पुलिस ने उत्तर-प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी गौरव उर्फ कप्तान को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले लूट में शामिल पांच आरोपियों को डिटेक्टिव स्टाफ पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पंजाब के पांचों आरोपियों शुभम, बरजिंद्र, शुभकरण, सिमर और दलेर को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों के अनुसार 28 जून को पिंजौर में लूट की वारदात को अंजाम देना था। इससे पहले ही पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। एसीपी क्राइम अरबिंद कंबोज ने बताया कि आरोपियों ने मिलकर पिंजौर में 15 जून को हिमाचल की तरफ जा रही एक कार लूटी थी। आरोपियों के पास से कार को रिकवर किया जा चुका है। इनमें शुभम टूरिज्म की पढ़ाई करता है अन्य ठेके पर काम करते हैं।
नशे के लिए लूट की वारदात को दिया अंजाम
पंचकूला डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास कमाई का कोई दूसरा जरिया नहीं है। सभी आरोपी नशा करते थे, इनको नशे के लिए पैसा चाहिए था। इसके लिए उन्होंने हाईवे पर लूट की प्लानिंग की। पहली बार की वारदात को पिंजौर के रामनगर खोली के समीप एनएच-105 पर अंजाम दिया और सभी पकड़े गए।
कब और कैसे हुई लूट
15 जून को हिमाचल के सोलन निवासी हरविंदर ने पिंजौर पुलिस थाने में शिकायत दी थी कि वह 14 जून को ऋषिकेश गया था। अपनी कार से 15 जून को वापस सोलन आ रहा था। उसी दिन रात करीब 11.30 बजे वह पिंजौर के रामनगर खोली गांव के पास पहुंचा। वहां पर कार सड़क के किनारे खड़ी कर शौच के लिए उतरा। कार से उतरते ही आरोपी उसके पास आए। डंडे और हथियारों से उसको पीटा। इसके बाद उसकी कार की चाबी छीनकर फरार हो गए।