पंचकूला। सेक्टर-12 में पेयजल की समस्या का समाधान नहीं होने से लोग परेशान हैं। सेक्टर के लोग कई सालों से इस परेशानी से निजात पाने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी और स्थानीय नेता ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस समस्या को लेकर सेक्टर-12 आरडब्ल्यूए प्रधान राकेश अग्रवाल ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक्सईएन को मेल कर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। राकेश अग्रवाल ने लिखा है कि बुधवार को पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से सेक्टर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों में पेयजल की जरूरत ज्यादा होती है। उन्होंने इस समस्या को लेकर सेक्टर-12 के सभी ट्यूबवेल की जांच करवाने की मांग की है। आरडब्ल्यूए के महासचिव दलीप कत्याल का कहना है कि वैसे तो पिछले चार-पांच साल से पंचकूला के लोगों को 24 घंटे पेयजल सप्लाई और तीसरी मंजिल तक पानी पहुंचाने का वादा स्थानीय नेताओं द्वारा किया जा रहा है, लेकिन नेताओं का यह वादा आजतक पूरा नहीं हुआ है।