पंचकूला। सेक्टर-5 में रतन लुबाना पर हुई फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच-26 ने आरोपी शार्प शूटर हरप्रीत को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। हरप्रीत को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अब उससे वारदात में इस्तेमाल हथियार, साजिश रचने वालों और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ करेगी। मामले का दूसरा आरोपी जसविंदर अभी सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।