पंचकूला। सेक्टर-20 में जीएच-105 सोसाइटी और 107 के साथ लगते सीवर का गंदा पानी खुले में बहने से लोग परेशान हैं। इसकी वजह से इस क्षेत्र में लगातार बदबू आती रहती है और मच्छरों का आतंक है। स्थानीय निवासियों में विजयपाल शर्मा ने बताया कि सीवर के गंदे पानी का उचित प्रबंध न होने के कारण यह पानी थोड़ी सी बारिश में ही बरसाती पानी में मिलकर सड़क पर भर जाता है। इसकी वजह से लोगों को इस गंदे बदबूदार पानी से गुजरना पड़ रहा है। यहां जमा पानी से इतनी ज्यादा बदबू आती है कि लोग अपनी बालकनी में भी नहीं जा पाते। यहां लगातार गंदा पानी भरा रहने से बरसात के मौसम में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।