पंचकूला। ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा करने के मामले में सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरोपी अमर सिंह, श्याम लाल, रामशरण, बलविंद्र, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, रोशनलाल निवासी गांव नग्गल कालका पंचकूला के रूप में हुई है। सातों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि कालका थाना में बीडीपीओ कार्यालय से शिकायत प्राप्त हुई कि सात लोगों ने गांव की जमीन पर कब्जा कर रखा है। इस मामले को लेकर हाईकोर्ट ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई की सभी आरोपियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।