संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। सुरक्षा नियमों की कालका रेलवे स्टेशन पर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यहां मेटल डिटेक्टर लगे हैं न ही प्रवेश द्वार पर जांच के लिए कर्मचारी तैनात हैं। ऐसे में रेल यात्रियों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। यात्री अपने बैग में क्या लेकर आ रहे हैं, क्या लेकर जा रहे हैं, इसकी जांच के लिए लगाई गई लगेज स्कैनर मशीन भी लंबे समय से बंद पड़ी है। लोगों की मांग है कि जल्द लगेज स्कैनर मशीन को सुचारू किया जाए और जब तक मशीन सुचारू नहीं होती तब तक प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बलों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि किसी प्रकार की कोई अनहोनी न हो।
बिना चेकिंग स्टेशन परिसर में कर रहे प्रवेश
कालका रेलवे स्टेशन से रोज भारी संख्या में यात्री सफर करते हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के दावे करता है लेकिन धरातल पर आलम कुछ ओर ही है। विश्व धरोहर में शामिल कालका शिमला रेलमार्ग पर टॉय ट्रेन के सफर का आनंद लेने के लिए भी भारी संख्या में सैलानी देश से ही नहीं बल्कि विदेश से भी कालका रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा का जिम्मा जीआरपी का बनता है। लंबे अरसे से बंद पड़ी लगेज स्कैनर मशीन के कारण स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है। यात्री बिना चेकिंग कराए ही स्टेशन परिसर में प्रवेश करते नजर आते हैं। यहां यह भी बता दें कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कालका रेलवे स्टेशन का भी पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है, प्रारंभ में दावा किया जा रहा था कि अप्रैल माह में कार्य पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन अभी भी काफी काम शेष है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर जल्द से जल्द अस्थाई तौर पर कनेक्शन देकर लगेज स्कैनर मशीन को दोबारा शुरू करवा देना चाहिए।
मिल चुकी है धमकी
रेलवे के अनुसार गत वर्ष यमुनानगर के जगधारी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ था। इसे लश्कर-ए-तैयबा जम्मू कश्मीर के एरिया कमांडर की तरफ से भेजने की बात कही गई थी। लेटर में हरियाणा के कई रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें कालका रेलवे स्टेशन भी शामिल था।
शुक्रवार सुबह दिल्ली जाने के लिए कालका रेलवे स्टेशन से चलने वाली कालका-दिल्ली मेल ट्रेन में चंडीगढ़ तक का सफर करने के लिए बैठा था। जब कालका रेलवे स्टेशन पहुंचा तो वहां मेटल डिटेक्टर की काेई व्यवस्था नहीं थी। लगेज स्कैनर मशीन बंद होने के कारण यात्री बिना सामान चेक कराए प्रवेश कर रहे थे। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर कोई भी जवान मौजूद नहीं था जोकि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों पर निगरानी रख सके, हालांकि स्टेशन के अंदर जीआरपी व आरपीएफ के जवान जरूर तैनात थे। स्टेशन पर मरम्मत का काम चल भी रहा है तो सुरक्षा के मद्देनजर अस्थाई तौर पर कनेक्शन देकर लगेज स्कैनर मशीन को चालू कर देना चाहिए। - दिनेश कुमार, यात्री
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कालका रेलवे स्टेशन पर भी पुनर्निमाण का कार्य चल रहा है। कार्य प्रगति पर चलने के चलते लगेज स्कैनर मशीन कुछ समय से बंद पड़ी है, इसे जल्द सुचारू करवा दिया जाएगा। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर भी निगरानी के लिए जवानों की तैनाती करवा दी जाएगी। -मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला मंडल।
स्टेशन पर मरम्मत का काम चल रहा है। बिजली का कुछ काम शेष रहने के कारण लगेज स्कैनर मशीन बंद पड़ी है। जल्द इसे सुचारू करवा दिया जाएगा। स्टेशन पर पहुंचने वाले प्रत्येक संदिग्ध पर सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा नजर रखी जाती है। उनकी और सामान की चेकिंग की जाती है। शुक्रवार सुबह एक ग्रुप के कुछ लोग हावड़ा के लेट होने की वजह से उसके लिंक में शिमला वाली ट्रेन छूटने के कारण हंगामा कर रहे थे। स्थिति को संभालने के लिए सुबह स्टाफ के कुछ जवान वहां मौजूद थे। -नमो नारायण मीणा, आरपीएफ इंचार्ज।