पुलिस की पेट्रोलिंग तेज, दुकानदारों और व्यापारियों के साथ की जा रही बैठकें
थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों की समस्याएं सुन रहे
राइडर और पुलिस की अन्य इकाइयों की तैनाती बढ़ाई, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ राइडर और अन्य पुलिस इकाइयों की तैनाती की गई है। पुलिस की टीमें विभिन्न बाजारों में व्यापारियों और मार्केट एसोसिएशनों के साथ बैठक कर रही हैं। थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज मिठाई विक्रेताओं, पटाखा विक्रेताओं, ज्वेलर्स और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस के संपर्क नंबर दुकानदारों से साझा किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और जाम से बचने के लिए दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की। संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर देने को कहा।